चंदौली • उत्तर प्रदेशसच के साथ, आपके पास
चंचंदौली समाचार एक्सप्रेसजनपद की अपनी आवाज़

लौह पुरुष सरदार पटेल के विचारों से मजबूत होगी राष्ट्रीय एकता : डॉ. आरएस पटेल

चंदौली समाचार डेस्क • 02 नवमबर 2026, 08:32 बजे • 132 बार पढ़ा गया
लौह पुरुष सरदार पटेल के विचारों से मजबूत होगी राष्ट्रीय एकता : डॉ. आरएस पटेल

अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा ने धूमधाम से मनाई 151वीं जयंती, व्यक्तित्व एवं कृतित्व को किया याद

मुगलसराय। अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में चकिया रोड स्थित एक विवाह गृह में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। उपस्थित अतिथियों ने सरदार पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि सरदार सेना के संस्थापक एवं जनहित संकल्प पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएस पटेल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन त्याग, संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ ही उन्होंने 562 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरिश्चंद्र पटेल ने कहा कि सरदार पटेल ने किसान आंदोलनों का नेतृत्व कर किसानों को उनके अधिकारों के लिए संगठित किया। बारडोली सत्याग्रह में उनके नेतृत्व से प्रभावित होकर महिलाओं ने उन्हें सरदार की उपाधि दी।

वरिष्ठ सभासद एवं संगठन संयोजक महेंद्र पटेल ने स्वतंत्रता आंदोलन और देश के एकीकरण में उनके योगदान को याद किया। संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता दयाराम पटेल ने विभाजन के दौरान शरणार्थियों की मदद और देश में शांति स्थापित करने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रोफेसर इंद्रजीत पटेल ने कहा कि सरदार पटेल धर्मनिरपेक्षता और हिंदू-मुस्लिम एकता के मजबूत पक्षधर थे।

कार्यक्रम का संचालन एसपी सिंहा ने किया। इस अवसर पर दयाराम पटेल, महेंद्र पटेल, मोहन पटेल, विनोद कुमार सिंह, नीरज कुमार, दिनेश कुमार पटेल, उमेश सिंह पटेल, एसबी सिंह, डीके सिंहा, वृंदावन बिहारी लाल, रविंद्र कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, अवधेश कुमार, आलोक पटेल, मुन्नी पटेल, पप्पू पटेल सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।