उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचक नामावली हुई आनलाइन तैयार
मतदाताओं को आनलाइन आवेदन करने की भी दी गयी सुविधा
घर बैठे अपने मतदेय स्थल तथा मतदाता क्रमांक की मिली जानकारी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची को तैयार करने की समस्त गतिविधियां वेबसाइट www//ceouttarpradesh.nic.in के माध्यम से आनलाइन की गयी। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व के निर्वाचनों की मतदाता सूची को जनपद स्तर पर मैनुअल रूप में तैयार कर उपयोग की जाती थी।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश 05 सितम्बर, 2016 में उल्लिखित है कि सभी पात्र व्यक्तियों का पंजीयन करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी आवेदन आॅनलाइन माध्यम से भरने की सुविधा उपलब्ध करायी जानी चाहिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आवेदनकर्ताओं का पंजीयन करने के लिए पहली बार आनलाइन पोर्टल विकसित किया गया, जिसके माध्यम से घर बैठे आवेदक को अपना फार्म आनलाइन भरने की सुविधा दी गयी। विकसित पोर्टल के माध्यम से अर्हता तिथि 01 नवम्बर, 2025 के आधार पर खण्ड स्नातक में 2,91,273 एवं खण्ड शिक्षक में 52,082 कुल 3,43,355 आवेदकों ने अपना आनलाइन पंजीयन कराया। इसके उपरान्त 06 जनवरी, 2026 को आनलाइन माध्यम से अन्तिम मतदाता सूची तैयार कर समस्त जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी प्रदर्शित की गयी। 06 जनवरी, 2026 की अन्तिम प्रकाशित मतदाता सूची के उपरान्त नाम जोड़ने, हटाने तथा संशोधन से संबंधित आवेदन सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा किये गये। साथ ही प्रतिमाह आवेदनांे का निस्तारण कर पूरक सूची के रूप में डाउनलोड कर वेबसाइट पर प्रदर्शित किया गया एवं समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को अवगत भी कराया गया।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व पूरक सूची को वेबसाइट पर लगाने की व्यवस्था नहीं थी जिसके कारण सर्वसाधारण एवं राजनैतिक दलों को पूरक सूची में हुए परिवर्धन, विलोपन एवं संशोधन की जानकारी सुचारू रूप से नहीं हो पाती थी।
निर्वाचन की घोषणा से पूर्व के लम्बित समस्त आवेदनों का निस्तारण कराते हुए निर्वाचक नामावली का अन्तिम प्रकाशन आनलाइन किया गया। इस प्रकार कुल 14,81,310(स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) मतदाता निर्वाचक नामावली में दर्ज हुए तथा जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी अपलोड कराया गया एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों को भी इसकी प्रति उपलब्ध करायी गयी।
मतदाताओं को अपने मतदेय स्थल एवं मतदाता क्रमांक की घर बैठे जानकारी प्राप्त करने हेतु एक नवीन पहल प्रारम्भ की गयी जिसके अन्तर्गत एक पोर्टल तैयार किया गया, जिसमें मतदाता को अपना अथवा संबंधी का नाम एवं आवेदन फार्म में अंकित मोबाइल नम्बर भरकर अपने मतदेय स्थल एवं मतदाता क्रमांक की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा दी गयी।
निर्वाचक नामावली हेतु यह पोर्टल 01 अक्टूबर, 2025 से प्रारम्भ हुआ था तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के आई0टी0 टीम द्वारा तकनीकी विशेषज्ञों के सहयोग से मात्र 04 माह में ही तैयार कर लिया गया। जिसमें आनलाइन आवेदन, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के लागिन, फार्म प्रोसेसिंग के चरण सम्मिलित थे। साथ ही साथ फार्म स्वीकृत/अस्वीकृत प्रक्रिया, सीरियलाइजेशन, डुप्लीकेशन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग संबंधी अन्य चरण भी समावेशित थे। उल्लेखनीय है कि इतने कम समय में पोर्टल को तैयार कर आवेदकों की सुविधा के लिए आनलाइन पोर्टल, निर्धारित समायावधि में आलेख्य निर्वाचक नामावली एवं अन्तिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया गया।
चूंकि यह पोर्टल प्रथम बार बनाया गया, अधिकारियों एवं आपरेटर्स को पहली बार इस प्रकार के पोर्टल से प्रशिक्षित किया गया था। जनपदों से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार ऐसे कतिपय मतदाता जिनके नाम अथवा संबंधी के नाम त्रुटिपूर्ण मुद्रित हैं, उनकी संख्या 150 से भी कम है, जो कि कुल मतदाताओं का 0.01 प्रतिशत है, जो अत्यन्त न्यून है।