सरदार पटेल की जयंती पर DIG वैभव कृष्ण ने पुलिसकर्मियों को दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति निष्ठा से कर्तव्यों के निर्वहन का दिया संदेश
वाराणसी। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को वाराणसी परिक्षेत्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) वैभव कृष्ण ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान DIG वैभव कृष्ण ने उपस्थित समस्त शाखा प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को आंतरिक सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व और देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्रीय एकीकरण में दिए गए उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में परिक्षेत्रीय कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।