चकिया तिराहे का डिवाइडर बना हादसों का सबब, कब जागेगा यातायात विभाग?
न लाइट, न रिफ्लेक्टर, अंधेरे में वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा डिवाइडर; बीती रात फिर कार टकराई
चंदौली। यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने की जिम्मेदारी संभालने वाले विभाग की लापरवाही का खामियाजा आखिर कब तक वाहन चालकों को भुगतना पड़ेगा? चकिया तिराहे पर स्थित डिवाइडर इन दिनों हादसों को दावत दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस डिवाइडर पर न तो कोई लाइट लगाई गई है और न ही रात के समय दूर से दिखाई देने के लिए रिफ्लेक्टर की व्यवस्था की गई है। ऐसे में अंधेरा होते ही यह डिवाइडर वाहन चालकों के लिए जानलेवा खतरा बन जाता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीती रात भी एक कार इस डिवाइडर से टकरा गई। यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई वाहन इस डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब एक ही स्थान पर बार-बार वाहन टकरा रहे हैं, तो आखिर यातायात विभाग और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से क्यों नहीं ले रहे हैं? क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
डिवाइडर पर रेडियम रिफ्लेक्टर, संकेतक बोर्ड और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है, ताकि रात के समय दूर से ही वाहन चालकों को इसकी मौजूदगी का पता चल सके। थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
अब देखना यह है कि संबंधित अधिकारी समय रहते चकिया तिराहे के इस खतरनाक डिवाइडर पर सुरक्षा के इंतजाम करते हैं या फिर वाहन चालकों को इसी तरह हादसों के खतरे के बीच आवागमन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।