चंदौली • उत्तर प्रदेशसच के साथ, आपके पास
चंचंदौली समाचार एक्सप्रेसजनपद की अपनी आवाज़

नेशनल एथलेटिक्स मीट में जैपुरिया पड़ाव का जलवा, शॉटपुट में रजत तो रिले रेस में जीता कांस्य

चंदौली समाचार डेस्क • 20 अक्टूबर 2026, 11:53 बजे • 100 बार पढ़ा गया
नेशनल एथलेटिक्स मीट में जैपुरिया पड़ाव का जलवा, शॉटपुट में रजत तो रिले रेस में जीता कांस्य

राष्ट्रीय खेल मंच पर सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस की पड़ाव शाखा के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। पंजाब विश्वविद्यालय, पटियाला के स्टेडियम में आयोजित सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स मीट में विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शॉटपुट में रजत और 4×400 मीटर रिले रेस में कांस्य पदक अपने नाम किया। इस दोहरी सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।

प्रतियोगिता में अंडर-14 आयु वर्ग की शॉटपुट स्पर्धा में विष्णु दयाल ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, अंडर-17 बालक वर्ग की 4×400 मीटर रिले रेस में विद्यालय की टीम ने कांस्य पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने विद्यालय की खेल प्रतिभा और निरंतर अभ्यास के प्रति प्रतिबद्धता को उजागर किया।

रिले रेस में विद्यालय का प्रतिनिधित्व देवांश प्रताप सिंह (कक्षा 11), आदित्य कुमार सिंह (कक्षा 12), तनिष्क सिंह (कक्षा 10), अंश (कक्षा 8-एफ) और आनंदपाल (कक्षा 8) ने किया। खिलाड़ियों ने आपसी तालमेल, गति, अनुशासन और टीम भावना के दम पर शानदार प्रदर्शन किया।

28 राज्यों के 4,500 खिलाड़ियों के बीच दिखाया दम

पटियाला में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों से लगभग 4,500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा बहरीन, कतर, दुबई, सऊदी अरब, कुवैत और ओमान सहित विभिन्न देशों के सीबीएसई से संबद्ध अंतरराष्ट्रीय विद्यालयों के लगभग 850 खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कुल 74 स्पर्धाएं आयोजित की गईं। ऐसे व्यापक प्रतिस्पर्धात्मक मंच पर जैपुरिया के विद्यार्थियों की सफलता को महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

प्रबंध निदेशक ने दी खिलाड़ियों को बधाई

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल विभाग को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन गर्व का विषय है। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, धैर्य और टीम भावना विकसित करने का सशक्त साधन भी हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने मेहनत, निरंतर अभ्यास और समर्पण के बल पर सफलता हासिल की है। उन्हें विश्वास है कि विद्यालय के विद्यार्थी भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ नई उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय और देश का नाम रोशन करेंगे।

विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही खेल प्रशिक्षकों, शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की सराहना की।

सीबीएसई नेशनल एथलेटिक्स मीट में मिली यह सफलता जैपुरिया पड़ाव की खेल उपलब्धियों में एक नया अध्याय जोड़ती है। खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धि ने अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा दी है।