पितरों के तर्पण के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, तुलसी पौधों का हुआ वितरण
पितृ पक्ष के तीसरे दिन तुलसी घाट पर जागृति फाउंडेशन की अनूठी पहल, तर्पण करने पहुंचे श्रद्धालुओं को बांटे तुलसी के पौधे
वाराणसी, 29 सितंबर। पितृ पक्ष के अवसर पर पूर्वजों की स्मृति और उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की अनूठी पहल मंगलवार को तुलसी घाट पर देखने को मिली। पितृ पक्ष के तीसरे दिन जागृति फाउंडेशन के तत्वावधान में गंगा तट पर श्राद्ध एवं तर्पण करने पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच तुलसी के पौधों का वितरण किया गया। आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काशी के प्रकांड विद्वान एवं कर्मकांडी पंडित हेमंत त्रिपाठी उर्फ हांडी गुरु ने गंगा में तर्पण करने के बाद श्रद्धालुओं को तुलसी के पौधे वितरित किए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पौधे ग्रहण किए और उन्हें अपने घरों में लगाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पंडित हेमंत त्रिपाठी ने कहा कि पितृ पक्ष में तुलसी के पौधे का वितरण करना पुण्य और श्रद्धा से जुड़ा कार्य है। सनातन परंपरा में तुलसी का विशेष धार्मिक महत्व है। भगवान विष्णु को तुलसी अत्यंत प्रिय मानी जाती है और तुलसी अर्पित करने से भगवान प्रसन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़कर समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाया जा सकता है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं जागृति फाउंडेशन के महासचिव रामयश मिश्र ने कहा कि पितृ पक्ष पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि पूर्वजों की स्मृति में श्रद्धापूर्वक जल अर्पित करना और उनके प्रति सम्मान प्रकट करना हमारी सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। श्रद्धा और विश्वास के साथ किया गया तर्पण पूर्वजों के प्रति हमारी कृतज्ञता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की भी है कि धार्मिक आयोजनों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा जाए। पूर्वजों की स्मृति में एक पौधा लगाना आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है। तुलसी का पौधा धार्मिक आस्था के साथ-साथ घर के वातावरण के लिए भी महत्वपूर्ण माना जाता है।
तुलसी घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में तर्पण करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को तुलसी के पौधों की महत्ता बताते हुए उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर प्रभुदत्त त्रिपाठी, पंकज शुक्ला, स्वर्ण प्रताप चतुर्वेदी, नरेंद्र ओझा, सुमित त्रिपाठी, धीरज कुमार मिश्रा, सुरेश सिंह, गौतम चतुर्वेदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।