चंदौली • उत्तर प्रदेशसच के साथ, आपके पास
चंचंदौली समाचार एक्सप्रेसजनपद की अपनी आवाज़

पीएम मोदी से मिले राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, यूपी के विकास और एमएसएमई को लेकर हुई सार्थक चर्चा

चंदौली समाचार डेस्क • 30 सितमबर 2026, 06:36 बजे • 95 बार पढ़ा गया
पीएम मोदी से मिले राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, यूपी के विकास और एमएसएमई को लेकर हुई सार्थक चर्चा

वाराणसी की विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो और पीएम विश्वकर्मा योजना पर हुआ विचार-विमर्श

रोहनिया। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश के विकास, वाराणसी जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र तथा पीएम विश्वकर्मा योजना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने वाराणसी में संचालित विभिन्न विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े प्रमुख विषयों की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का विषय भी प्रमुखता से चर्चा में रहा। राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को एमएसएमई विभाग की सहभागिता, प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों एवं लघु उद्योगों को उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों तथा उत्तर प्रदेश में व्यापार एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कारीगरों और शिल्पकारों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
भेंट के दौरान पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को मिल रहे प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, ऋण सुविधा, कौशल उन्नयन तथा बाजार से जोड़ने के अवसरों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। राज्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में पारंपरिक कारीगर एवं शिल्पकार अपने हुनर और कला के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना पारंपरिक कारीगरों के कौशल को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और व्यापक बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे कारीगरों को अपने पारंपरिक व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप देने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने के अवसर मिल रहे हैं।
निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी मंथन
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान प्रदेश में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उत्पादों एवं कारीगरों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने, निवेश के अवसर बढ़ाने तथा एमएसएमई क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन, जनकल्याण और रोजगार सृजन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों तथा युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर मिलें।
प्रधानमंत्री के साथ हुई इस शिष्टाचार भेंट को उत्तर प्रदेश के विकास, वाराणसी के जनहित से जुड़े विषयों तथा एमएसएमई और पारंपरिक कारीगरों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण संवाद के रूप में देखा जा रहा है।