वाराणसी में VVIP मूवमेंट पर ट्रैफिक अलर्ट: 15 स्थानों पर रोक-डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देखें रूट
वाराणसी। 7 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, असम के मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन, भ्रमण और प्रस्थान के मद्देनजर कमिश्नरेट वाराणसी की यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। VVIP मूवमेंट के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात रोकने और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट करने की व्यवस्था रहेगी।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न निकलें। जरूरी यात्रा होने पर वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।
इन प्रमुख स्थानों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
1. हरहुआ ओवरब्रिज: सुबह 11 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज और निजी बसों को ओवरब्रिज के ऊपर जाने की अनुमति नहीं होगी। बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहा से परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
2. जौनपुर-गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग: सुबह 11 बजे से इन क्षेत्रों से आने वाली बसों को हरहुआ रिंग रोड अंडरपास चौराहे तक ही आने दिया जाएगा। यहां से बसें परमपुर, लोहता थाना होते हुए चांदपुर चौराहा पहुंचेंगी और वहां से वापस भेजी जाएंगी।
3. मोहनसराय अंडरपास: सुबह 11 बजे से चार पहिया एवं बड़े वाहनों को जगतपुर डिग्री कॉलेज की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। वाहनों को अखरी और रखौना की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
4. चांदपुर चौराहा: आवश्यकता के अनुसार चार पहिया एवं बड़े वाहनों को जगतपुर डिग्री कॉलेज की ओर जाने से रोका जाएगा और लोहता-परमपुर की ओर भेजा जाएगा।
5. अमरा-अखरी अंडरपास: सुबह 11 बजे से यहां से आने वाली बसों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बसों को डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
6. पुलिस लाइन से सिगरा: आवश्यकता के अनुसार पुलिस लाइन, चौकाघाट चौराहा, तेलियाबाग तिराहा, मलदहिया से सिगरा तक ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन बंद किया जा सकता है।
7. भिखारीपुर-लहरतारा-चांदपुर: आवश्यकता के अनुसार इस मार्ग पर भी ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन बंद रहेगा।
8. लकड़ीमंडी से विश्वेश्वरगंज: शाम 4 बजे से लकड़ीमंडी, चौकाघाट, लहुराबीर, मैदागिन से विश्वेश्वरगंज तक ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन बंद रहेगा।
9. मैदागिन-गोदौलिया: अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन एवं प्रस्थान के दौरान मैदागिन चौराहा से गोदौलिया चौराहा के बीच सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन रोक दिया जाएगा।
10. राजघाट पुल: शाम 4 बजे से सूजाबाद की ओर से आने वाले सभी मालवाहक वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
11. विश्वेश्वरगंज तिराहा: शाम 4 बजे से चार पहिया वाहनों को मैदागिन की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें गोलगड्डा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
12. अंबेडकर चौराहा से गिलट बाजार: अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार तिराहा तक ऑटो एवं ई-रिक्शा का आवागमन बंद रहेगा।
13. सिगरा-रथयात्रा से साजन तिराहा: VVIP आगमन एवं प्रस्थान के दौरान वाहनों को आकाशवाणी तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहां से महमूरगंज तिराहा होते हुए वाहन अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
14. मंडुवाडीह चौराहा: महमूरगंज की ओर आने वाले वाहनों को VVIP मूवमेंट के दौरान ककरमत्ता की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वाहन भिखारीपुर तिराहा होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।
15. आकाशवाणी तिराहा: सिगरा चौराहा की ओर आने वाले वाहनों को VVIP आगमन एवं प्रस्थान के दौरान रथयात्रा चौराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें और अत्यावश्यक होने पर ही प्रभावित मार्गों की ओर यात्रा करें।