जापानी नागरिकों को निशाना बना रहा था साइबर ठगी का कॉल सेंटर, पुलिस का छापा
कैलाशपुरी की बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर चल रहा था कथित फर्जी कॉल सेंटर; पांच साइबर ठग गिरफ्तार, तीन नामजद
मुगलसराय/चंदौली। जनपद चंदौली में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित किए जा रहे कथित साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। स्वाट, सर्विलांस, साइबर टीम और मुगलसराय पुलिस की संयुक्त टीम ने मुगलसराय के कैलाशपुरी स्थित एक बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर छापेमारी कर पांच कथित साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन अन्य लोगों को नामजद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, उक्त स्थान पर कथित रूप से साइबर कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था, जहां से जापान के नागरिकों को निशाना बनाकर जापानी भाषा में टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर साइबर ठगी किए जाने का आरोप है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य विदेशी नागरिकों से संपर्क कर उनके कंप्यूटर सिस्टम में तकनीकी समस्या होने का झांसा देते थे और इसके बाद रिमोट एक्सेस तथा अन्य तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल कर उनके कंप्यूटर एवं बैंकिंग सिस्टम तक पहुंच बनाने का प्रयास करते थे।
VoIP कॉलिंग के जरिए विदेशों में संपर्क का आरोप
पुलिस के मुताबिक, कथित साइबर ठगी के लिए VoIP कॉलिंग समेत अन्य तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था। गिरोह द्वारा विशेष रूप से जापान के बुजुर्ग नागरिकों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के तार जापान के अलावा अन्य देशों से भी जुड़े थे या नहीं।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने मौके से बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए। इनमें 19 मॉनिटर, 20 CPU, तीन लैपटॉप, छह मोबाइल फोन, राउटर, स्विच हब तथा पांच कथित फर्जी आधार कार्ड शामिल हैं। बरामद उपकरणों को पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ले लिया है।
दो बैंक खातों में करीब नौ लाख रुपये फ्रीज
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान एक आरोपी से जुड़े दो बैंक खातों में करीब नौ लाख रुपये की रकम फ्रीज कराई गई है। पुलिस अब बैंक खातों, लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर कथित साइबर ठगी से जुड़े वित्तीय नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की भनक लगने से पहले ही कॉल सेंटर का कथित मुख्य सरगना मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
फॉरेंसिक जांच में खुलेंगे ठगी के और राज
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौके से बरामद कंप्यूटर, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद कथित ठगी की रकम, पीड़ितों की संख्या और गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े और तथ्य सामने आने की संभावना है।
इस संबंध में मुगलसराय थाने में मु0अ0सं0 510/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही कथित साइबर नेटवर्क की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी है।