मुगलसराय पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा, तीन महिला आरोपी गिरफ्तार; कब्जे से चोरी का लॉकेट बरामद
मुगलसराय/चंदौली। टोटो में सफर कर रही महिला को बातों में उलझाकर उसके मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी करने के मामले का मुगलसराय पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र का लॉकेट भी बरामद किया है। तीनों महिलाएं बिहार के आरा और रोहतास जिले की रहने वाली बताई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को टोटो में यात्रा कर रही एक महिला को कथित रूप से कुछ महिलाओं ने बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान मौका पाकर उसके मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी कर लिया गया। घटना की जानकारी होने के बाद पीड़िता की शिकायत पर मुगलसराय थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मंदिर के पास दबोची गईं तीनों महिलाएं
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में जीटीआर ब्रिज के पश्चिम रेलवे पटरी किनारे मंदिर के पास पुलिस ने तीनों महिला आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद हुआ।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, महिलाओं ने करीब 10-12 दिन पूर्व टोटो में एक महिला को बातचीत में उलझाकर मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस अब तीनों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और पूर्व में की गई अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
बिहार के अलग-अलग जिलों की रहने वाली हैं आरोपी महिलाएं
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार तीनों महिला आरोपित बिहार के आरा और रोहतास जनपद की रहने वाली हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन महिलाओं का कोई संगठित गिरोह है या वे अन्य लोगों के साथ मिलकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देती थीं।
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम द्वारा की गई। गिरफ्तार आरोपित महिलाओं के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।