चंदौली • उत्तर प्रदेशसच के साथ, आपके पास
चंचंदौली समाचार एक्सप्रेसजनपद की अपनी आवाज़

बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाला गिरोह के आठ चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

चंदौली समाचार डेस्क • 17 सितमबर 2026, 10:45 बजे • 94 बार पढ़ा गया
बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाला गिरोह के आठ  चोरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

3.50 लाख नकद, जेवरात, लैपटॉप, टीवी और चोरी में प्रयुक्त कार-ऑटो बरामद

डीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही से 3.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो लैपटॉप, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर समेत चोरी का अन्य सामान बरामद किया है। चोरी में प्रयुक्त वेन्यू कार और ऑटो रिक्शा भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार वेन्यू कार चोरी के रुपये से खरीदी गई थी।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में स्वाट, सर्विलांस और मुगलसराय पुलिस की टीमें चोरी की घटनाओं के खुलासे में जुटी थीं। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि इंडियन इंस्टीट्यूट नाचघर के पास वेन्यू कार और ऑटो रिक्शा के पास कुछ संदिग्ध चोरी के माल के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर आठों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत सोनी उर्फ बाबू सेठ, विशाल भारती, रहमान उर्फ आंखी, राजेश सिंह, अनिल गुप्ता, दीपक जायसवाल उर्फ रविन्द्र कुमार जायसवाल, तुषार वर्मा और लकी जायसवाल शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने दिन में बंद और सूने मकानों की रेकी तथा रात में ताला तोड़कर चोरी करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मुगलसराय के अलावा चंदौली और बलुआ क्षेत्र में भी कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरोह से सिद्धार्थपुरम, आरपीएफ कॉलोनी, इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी, न्यू सेंट्रल कॉलोनी और ओल्ड सेंट्रल कॉलोनी में हुई चोरी से संबंधित सामान बरामद हुआ है। बरामद सामान में दो डेल लैपटॉप, सोनी एलईडी टीवी, इंडेन गैस सिलेंडर, दो जोड़ी पायल, तीन मीना, अंगूठी और कान की बाली शामिल हैं। पुलिस ने यूपी 67 एबी 8628 नंबर की वेन्यू कार और यूपी 65 जेटी 0599 नंबर का ऑटो भी बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।