रथयात्रा में बंद मकान के अंदर चल रहा था जुए का बड़ा अड्डा, पुलिस का बड़ा छापा
47 जुआरी गिरफ्तार, 19.53 लाख रुपये नकद बरामद; कई वाहन-मोबाइल जब्त, गैंगस्टर एक्ट की तैयारी
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के रथयात्रा इलाके में बंद मकान के भीतर लंबे समय से संचालित किए जा रहे जुए के अड्डे का पुलिस और एसओजी-2 की संयुक्त टीम ने बुधवार को भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टीम ने घेराबंदी कर 47 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से 19 लाख 53 हजार रुपये नकद, कई वाहन, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, रथयात्रा क्षेत्र स्थित उक्त मकान को विशाल सिंह ने लीज पर लिया था, जहां कथित तौर पर जुए का खेल संचालित कराया जा रहा था। अड्डे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसओजी-2 की टीम ने करीब तीन से चार दिनों तक लगातार निगरानी की। गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद बुधवार को टीम ने मकान पर छापा मारकर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से 47 आरोपितों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नकदी बरामद की। इसके साथ ही मौके पर मिले वाहनों और मोबाइल फोन को भी कब्जे में लिया गया है।
आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस,पुलिस अब गिरफ्तार किए गए सभी आरोपितों के आपराधिक इतिहास और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि जुए के इस अड्डे का संचालन कितने समय से हो रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। बड़ी संख्या में गिरफ्तारी और लाखों रुपये की बरामदगी के बाद रथयात्रा क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।